​पीलीभीत। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा 2 सितंबर 2026 को आउटसोर्स कार्मिकों के हित में ली गई ऐतिहासिक निर्णय और ‘यूपीकॉस’ के शुभारम्भ पर उत्तर प्रदेश आउटसोर्स एवं संविदा कर्मचारी संघ (यूपीआसंक) पीलीभीत के जिलाध्यक्ष अमित अल्प ने पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी से भेंट की। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया और मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित धन्यवाद ज्ञापन सौंपा।
​सौंपे गए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष अमित अल्प ने संगठन तथा जिले के समस्त आउटसोर्स कर्मचारियों की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति कोटि-कोटि आभार प्रकट किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर एक आग्रह भी किया कि प्रबंध निदेशक यूपीकॉस द्वारा 28 जुलाई 2026 को जारी पत्र के संबंध में जनपद स्तरीय शासन-प्रशासन के माध्यम से समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने ध्यान आकृष्ट कराया कि कतिपय विभागों एवं कार्यालयों में अभी तक इस प्रक्रिया पर कार्य प्रारम्भ नहीं हो सका है, और न ही कई विभागों के निदेशालयों से जनपद स्तरीय कार्यालयों को आवश्यक पत्र जारी किए गए हैं।
​संघ ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि वे जिले के समस्त विभागों को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करने हेतु निर्देशित करने की कृपा करें, ताकि शासन के इस ऐतिहासिक कदम का लाभ आउटसोर्स कर्मचारियों को अविलंब मिल सके। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अमित अल्प के साथ हिमांशु कटियार, सुरेंद्र सिंह राठौर, अतुल रस्तोगी, विकेश आनंद, गुरुप्रीत कौर, हर्षित राठौर एवं विपिन सहित संघ के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi