​पीलीभीत। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिलगवां गांव के पास शनिवार रात एक 20 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रविवार दोपहर रेल पटरी के किनारे उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
​मृतक की पहचान बिलगवां गांव निवासी मनोज कुमार (20) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मनोज पिछले दो महीनों से एक गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। कई डॉक्टरों से इलाज कराने के बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था, जिसके चलते वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में रहने लगा था। शनिवार रात करीब 9 बजे वह घर से अचानक लापता हो गया। परिजनों ने रातभर संभावित स्थानों और रिश्तेदारों के यहाँ उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
​रविवार दोपहर करीब 2 बजे ग्रामीणों की नज़र रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शव की पहचान मनोज के रूप में कराई। सदर कोतवाली प्रभारी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक जाँच में मामला बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने का सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi