पीलीभीत। ​रक्षाबंधन के पावन पर्व से पूर्व पीलीभीत कलेक्ट्रेट परिसर में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और आत्मीयता की एक अनूठी झलक देखने को मिली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह की विशेष पहल पर जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की 18 छात्राएं जिला मुख्यालय पहुंचीं। बालिकाओं ने अपने हाथों से तैयार की गई रंग-बिरंगी राखियां जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी रोशनी यादव और उप जिलाधिकारी (न्यायिक) पवन कुमार की कलाई पर बांधीं। अधिकारियों ने बालिकाओं का मुंह मीठा करवाकर उन्हें उपहार भेंट किए, जिससे छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।


​कार्यक्रम का सबसे विशेष पहलू बालिकाओं की देशप्रेम की भावना रही। छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई गई अतिरिक्त राखियां जिलाधिकारी को सौंपते हुए अनुरोध किया कि इन्हें नेपाल सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों तक पहुंचाया जाए। बीएसए रोशनी सिंह ने इस भावना को आगे बढ़ाते हुए जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में रक्षाबंधन अवकाश से पहले भव्य कार्यक्रम आयोजित करने और छात्राओं द्वारा बनाई राखियां छात्रों को बांधने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट के इस आयोजन में कोमल, नेहा, यशिका, संगीता, भाग्यश्री, रानी, सौम्या और पलक समेत कई छात्राओं ने भाग लेकर इस पर्व को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi