पीलीभीत। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच पीलीभीत की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने विदेश भेजने के नाम पर 22 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरनपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरनगर निवासी वादी अमृतपाल सिंह पुत्र हरदीप सिंह ने 10 फरवरी 2025 को मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पूरनपुर कोतवाली रोड स्थित ‘द होरीजोन एजुकेशन एण्ड माइग्रेशन सर्विस’ नामक संस्थान के माध्यम से अभियुक्तों ने विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे कुल 22,22,864/- रुपये ठग लिए। इस संबंध में थाना पूरनपुर पर मु०अ०सं० 56/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) में मामला पंजीकृत किया गया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को क्राइम ब्रांच पीलीभीत की टीम ने वांछित अभियुक्त गुरप्रीत सिंह चौहान पुत्र डिफ्टी कुमार (उम्र करीब 28 वर्ष), निवासी बरेली रोड धर्मपुरा, थाना मेडिकल, जनपद हल्द्वानी (उत्तराखंड) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में क्राइम ब्रांच पीलीभीत के उप-निरीक्षक रोहिताश सिंह तथा कान्स्टेबल समीर शामिल रहे। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।