पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. अमित कुमार द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके बाद उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों, संकाय सदस्यों व विद्यार्थियों ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। सुरक्षा कर्मियों के आकर्षक मार्च-पास्ट ने परिसर को अनुशासन व देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

डॉ. शिखा सक्सेना के प्रभार में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन मेडिकल छात्र हर्षित व अर्शी तथा संकाय सदस्य डॉ. हुमा खान व डॉ. ज्योति त्रिवेदी ने किया। समारोह में विद्यार्थियों और डॉक्टरों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, समूह गीत व विचारोत्तेजक भाषण दिए गए। प्रधानाचार्य डॉ. अमित कुमार ने अपने संबोधन में चिकित्सा सेवा को मानवता व राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाने का आह्वान किया। वहीं, उप-प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह एवं विभागाध्यक्ष (सर्जरी) डॉ. जगदम्बा शरण ने भी अपने प्रेरणादायी विचारों से विद्यार्थियों को कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष भर शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। अंत में विभागाध्यक्ष (फॉरेंसिक मेडिसिन) डॉ. पी.सी. श्रीवास्तव ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।