आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सिकंदरा थाना क्षेत्र के अकबरा यमुना पुल पर एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 11 महीने की मासूम बेटी को उफनती यमुना नदी में फेंक दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी पत्नी को भी पुल से नीचे धकेलने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद राहगीरों की मुस्तैदी से महिला की जान बच गई। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी पिता को मौके पर ही दबोचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जन्मदिन के कपड़े खरीदने निकले थे, रास्ते में रची साजिश
जानकारी के अनुसार, आरोपी परिवार मूल रूप से मथुरा के बलदेव क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि बच्ची का पहला जन्मदिन आने वाला था, जिसके लिए पूरा परिवार बाइक पर कपड़े खरीदने निकला था। सिकंदरा के अकबरा यमुना पुल पर पहुंचते ही आरोपी ने बाइक रोकी और बहाने से बच्ची को लेकर सीधे नदी में फेंक दिया। जब उसने पत्नी को भी फेंकने की कोशिश की, तो महिला के चीखने-चिल्लाने पर राहगीर इकट्ठा हो गए।

अवैध संबंधों का शक और गृहक्लेश बनी वजह
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामले में अवैध संबंधों का एंगल भी सामने आ रहा है।
गोताखोर तलाश में जुटे
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण मासूम बच्ची का सुराग फिलहाल नहीं मिल पाया है। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और रेस्क्यू टीम को नदी में उतारा है। बच्ची की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।