रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के रुद्रपुर में ठगों के एक शातिर गिरोह ने एक युवक को न्यूजीलैंड भेजने और निवेश के नाम पर करीब 24 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने न केवल वीजा के नाम पर पैसे ऐंठे, बल्कि बाद में विवाद सुलझाने के बहाने फर्जी प्लॉट का सौदा कर दोबारा लाखों रुपये हड़प लिए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर लिए 13 लाख
बिंदुखेड़ा निवासी जसप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि मई 2023 में उनकी मुलाकात काशीपुर के एक युवक से हुई। इस युवक ने अपने दोस्तो से मिलकर उसे जसप्रीत और उसके दोस्त आयुष्मान को न्यूजीलैंड का वर्किंग वीजा दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने कुल 28 लाख रुपये का खर्च बताया, जिसके बदले में जसप्रीत ने 11 लाख और आयुष्मान ने 2 लाख रुपये उनके खातों में ट्रांसफर कर दिए। अप्रैल 2024 में आरोपियों ने वीजा तो दिया, लेकिन साल भर तक टिकट के नाम पर टालमटोल करते रहे।
पंचायत बुलाकर की ‘डबल ठगी’
जब विवाद बढ़ा, तो 29 दिसंबर 2024 को काशीपुर में एक पंचायत बुलाई गई। इसमें आरोपियों ने नया जाल बिछाया। तय हुआ कि पैसों की भरपाई के लिए विमल नामक व्यक्ति अपना 2000 स्क्वायर फीट का प्लॉट जसप्रीत को देगा। प्लॉट की कीमत 24 लाख रुपये तय की गई। पुराने 13 लाख काटकर जसप्रीत ने बाकी के 11 लाख रुपये भी आरोपियों के बताए खातों में जमा कर दिए।
फर्जी निकला प्लॉट, मांगने पर मिली धमकी
रुपये देने के बाद जब जसप्रीत ने रजिस्ट्री की मांग की, तो पता चला कि वह प्लॉट पहले ही किसी और को बेचा जा चुका है। ठगी का अहसास होने पर जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने रुद्रपुर आकर उसे धमकाया। आरोपियों ने शेखी बघारते हुए कहा कि उनकी पुलिस से साठगांठ है और वे पहले भी कई लोगों को इसी तरह ठग चुके हैं।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित जसप्रीत सिंह की शिकायत पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।