रुद्रपुर। रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर संजय वन के पास शनिवार तड़के हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, नैनीताल जिले की धारी तहसील के ग्राम रौसीला निवासी 24 वर्षीय कुंदन सिंह संभल पुत्र खुशाल सिंह बाइक से दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह तड़के संजय वन के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।

परिजनों ने बताया कि कुंदन सिंह ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और वर्तमान में दिल्ली के एक होटल में कार्यरत थे। वह शुक्रवार शाम अपने घर के लिए दिल्ली से रवाना हुए थे। शनिवार सुबह पुलिस से हादसे की सूचना मिलने पर परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां उनका शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके पिता खेती-किसानी करते हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।:::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi