रुद्रपुर। फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लेने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की तीन सदस्यीय टीम ने जिला सभागार में बैठक की। इस दौरान टीम ने रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों से फील्ड में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में आयोग की टीम ने निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों में मतदाताओं के स्पष्ट और अद्यतन फोटोग्राफ लगाए जाएं, ताकि त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का समय पर डिजिटाइजेशन पूरा किया जाए।
टीम ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए और अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान फील्ड में नेटवर्क और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी जानकारी ली गई।
उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने बताया कि जनपद में नेटवर्क संबंधी कोई समस्या नहीं है और SIR का कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए समयबद्ध तरीके से डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों को पहले ही दो बार मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिससे कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। उन्होंने बताया कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जिससे किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की टीम के सदस्य, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।