पीलीभीत। जनसेवा और सादगी की राजनीति के प्रतीक रहे पूर्व विधायक श्रद्धेय स्व. पीतमराम जी की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके भांजे और समाजवादी युवजन सभा (सयुस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार “राजू” के आवास पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा, तहरी भोज एवं कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में राजनीतिक दिग्गजों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधान परिषद सदस्य अमित यादव ने कहा कि स्व. पीतमराम जी सिद्धांतों की राजनीति के पर्याय थे। जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ‘जग्गा’ और पूर्व विधायक अरशद खान ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की चिंता की, जिसके कारण वे जन-जन के प्रिय नेता बने। पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव और जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्र ‘कट्टर’ ने उन्हें ईमानदारी और संघर्षशीलता की मिसाल बताया, जबकि प्रदेश सचिव असलम जावेद अंसारी व रियाज खान ने सामाजिक सौहार्द के क्षेत्र में उनके अविस्मरणीय योगदान की चर्चा की।

कार्यक्रम के आयोजक राजकुमार ‘राजू’ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मामा स्व. पीतमराम जी का जीवन सेवा को समर्पित था, इसलिए उनकी स्मृति में जरूरतमंदों को कंबल वितरण और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता कौशल वाजपेयी, राजाराम शर्मा, बालकराम सागर, ओम शर्मा, पूर्व चेयरमैन प्रदीप जायसवाल और व्यापार मंडल के प्रदीप शुक्ला सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। श्रद्धा और सेवा के इस संगम ने एक बार फिर पूर्व विधायक की जनप्रिय छवि को जीवंत कर दिया।