पूरनपुर। क्षेत्र के बहादुरपुर बुजुर्ग गांव में आयोजित हिंदू जनसंवाद कार्यक्रम में हिंदू समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों, संगठन मजबूती और हिंदू संस्कार केंद्र के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला महामंत्री अशोक राठौर अधिवक्ता ने किया, जबकि विशिष्ट अतिथि नवनीत मिश्रा ने संस्कार केंद्रों की स्थापना और संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य वक्ता भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बांग्लादेश में गिरफ्तार हिंदू नेता चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने हिंदू बहन-बेटियों की सुरक्षा और गौ संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जब तक गौवंश का रक्त धरती पर गिरेगा, तब तक राष्ट्र निर्माण अधूरा रहेगा; उन्होंने गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की पुरजोर मांग की।
ठाकुर एसपी सिंह एवं विकास पांडेय के नेतृत्व में संपन्न हुए इस कार्यक्रम के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए कई कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। इसमें सोहन कुमार को ग्राम अध्यक्ष, मनोज कुमार को महामंत्री, मनोज मिश्रा को ग्राम अध्यक्ष (सेहरामऊ उत्तरी), रोहित कुमार को मंत्री तथा सूरज कुमार व अनुज को सदस्य नियुक्त किया गया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी, तहसील अध्यक्ष रामपाल वर्मा, मानस शुक्ला, विधानसभा अध्यक्ष रामसेवक वर्मा, अनुराग पांडे, सर्वेश वर्मा और ग्राम प्रधान श्रीपाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।