रुद्रप्रयाग। ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) रुद्रप्रयाग को अपना नया भवन मिल गया है। करीब 5.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस भवन में प्रशिक्षार्थियों को आधुनिक और उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नए भवन में प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रशिक्षार्थियों के रहने, भोजन और व्यावहारिक प्रशिक्षण की भी समुचित व्यवस्था की गई है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से प्रशिक्षण लेने के लिए आने वाले युवाओं और महिलाओं को विशेष सुविधा मिलेगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है भवन

नवनिर्मित आरसेटी भवन में कंप्यूटर लैब, वर्कशॉप, दो डॉरमेट्री हॉल, किचन और उच्च स्तरीय कक्षाओं समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संस्थान में प्रशिक्षण को अधिक व्यावहारिक और रोजगारपरक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

करीब 70 प्रशिक्षार्थियों के लिए निशुल्क रहने, भोजन और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे प्रशिक्षण के लिए आने वाले प्रतिभागियों को आवास और भोजन की चिंता से राहत मिलेगी और वे अपना पूरा ध्यान प्रशिक्षण हासिल करने पर केंद्रित कर सकेंगे।

आरसेटी की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। खासतौर पर दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए एक ही परिसर में प्रशिक्षण, आवास और भोजन की सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi