सितारगंज। पत्नी के मायके चले जाने से मानसिक तनाव में आए एक युवक ने कथित रूप से कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि बैगुल कॉलोनी, सितारगंज निवासी सूरज सिंह (25) ने 27 जून को जहरीले कीटनाशक का सेवन कर लिया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने गंभीर अवस्था में उसे उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार सूरज ने कुछ समय पहले दिनेशपुर निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि 25 जून को किसी घरेलू विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद से वह काफी परेशान और मानसिक तनाव में रहने लगा था। 27 जून को सूरज ने अपने मित्र संतोष को फोन कर बताया कि उसने कीटनाशक दवा पी ली है। सूचना मिलते ही परिजन और परिचित उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।