पटना | बिहार की राजधानी पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत के मामले में एक बड़ा मोड़ आया है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की जांच रिपोर्ट में छात्रा के कपड़ों से पुरुष स्पर्म (सीमेन) के अवशेष मिले हैं। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद अब छात्रा के साथ बलात्कार और फिर हत्या की आशंका को मजबूती मिली है।
DNA मिलान से होगी अपराधी की पहचान
एफएसएल रिपोर्ट में मानव शुक्राणु की पुष्टि होने के बाद, विशेष जांच टीम (SIT) अब मुख्य आरोपी और अन्य संदिग्धों के DNA सैंपल का मिलान कराएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी छात्रा के निजी अंगों पर चोट के निशान मिले थे, जो यौन उत्पीड़न की ओर इशारा कर रहे थे। परिजनों ने शुरू से ही आरोप लगाया था कि उनकी बेटी की मौत से पहले उसके साथ दरिंदगी की गई थी।
लापरवाही बरतने वाले दो पुलिस अधिकारी निलंबित
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) के निर्देश पर पटना आईजी के नेतृत्व में एसआईटी जांच कर रही है। शुरुआती जांच में बलात्कार की बात को गंभीरता से न लेने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी रौशनी कुमारी और दारोगा हेमंत झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है।
हत्या की धारा में बदल सकता है मामला
यह मामला फिलहाल चित्रगुप्त नगर थाना में कांड संख्या 14/2026 के तहत दर्ज है। कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि यदि डीएनए टेस्ट में रेप की पुष्टि हो जाती है, तो पुलिस इस मामले को हत्या (Murder) की श्रेणी में शामिल कर आगे की कार्रवाई करेगी।