​दियोरिया कलांPILIBHIT। रिश्तेदारी की एक पंचायत से कार द्वारा वापस लौट रहे युवक और उसके साथियों पर बल्देवपुर के पास घात लगाकर बैठे दबंगों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे वाहन में सवार अन्य लोग भी चोटिल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर और मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर छह नामजद तथा 10 से 15 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
​जनपद शाहजहांपुर के थाना कटरा अंतर्गत ग्राम कसरक निवासी प्रदीप कुमार पुत्र ढाकन लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने साथियों के साथ दियोरिया क्षेत्र में एक रिश्तेदारी की पंचायत में आया था। रात करीब नौ बजे जब वह अपनी कार (UP27DT1936) से वापस घर लौट रहा था, तभी बल्देवपुर के समीप सामने से आए आधा दर्जन नामजद लोगों ने अपने 10-15 अज्ञात साथियों के साथ उनकी कार को जबरन रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने प्रदीप को कार से बाहर खींच लिया और धारदार हथियार से वार कर उसे लहुलूहान कर दिया। इसी बीच मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने ईंटों और डंडों से कार पर हमला कर शीशे तोड़ दिए, जिससे कार के भीतर बैठे अन्य लोगों को भी गंभीर चोटें आईं। जब कार सवारों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई।
​पीड़ित ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम और मारपीट के दौरान उसके पास मौजूद 20 हजार रुपये भी कहीं गिर गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित प्रदीप कुमार की तहरीर व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मोहित गंगवार, कपिल गंगवार, नीरज (निवासीगण ग्राम बढ़ैरा), सचिन गंगवार, विपिन गंगवार (निवासीगण रुपपुर कमालू, थाना सुनगढ़ी, पीलीभीत) और अखिलेश गंगवार (निवासी खंडसरा, थाना भुता, बरेली) सहित 10-15 अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi