रुद्रपुर। देवभूमि की धाम नगरी रुद्रपुर का प्रवेश द्वार 14 फरवरी 2026 को त्रिशूल चौक के नाम से अपनी नई पहचान बनाएगा। यह भव्य और विशाल चौक महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा लोकार्पित किया जाएगा। नगर निगम महापौर विकास शर्मा के अथक प्रयासों से तैयार कराये जा रहे इस चौक को रुद्रपुर वासियों और सम्पूर्ण कुमाऊँ क्षेत्र की जनता को समर्पित किया जा रहा है। त्रिशूल चौक न केवल रुद्रपुर के सौन्दर्य में इजाफा करेगा बल्कि यह धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक प्रतीक भी बनेगा। यह चौक भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है और रुद्रपुर के प्रवेश द्वार को एक भव्य और पहचानयुक्त स्वरूप देगा। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि चौक का डिजाइन आधुनिक शहरी वास्तुकला और धार्मिक प्रतीकत्व का अनूठा मिश्रण है यह नगर के सौंदर्य, सांस्कृतिक गौरव और धार्मिक महत्ता को एक साथ प्रस्तुत करेगा। लोकार्पण समारोह में नगर के प्रमुख जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय लोग उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा त्रिशूल चौक केवल शहर की पहचान नहीं बल्कि सम्पूर्ण कुमाऊँ क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक बनेगा और आने वाले वर्षों में यह नगर का आधिकारिक स्वागत द्वार बनकर रुद्रपुर की शोभा बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *