मरौरी के चिरौंजी लाल विद्यालय में ‘विराट हिन्दू सम्मेलन’ संपन्न: डॉ. हेडगेवार के विचारों से सशक्त हो रहा भारत
पीलीभीत।
जनपद के मरौरी खण्ड स्थित चिरौंजी लाल विद्यालय में आज ‘विराट हिन्दू सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर और पुष्प अर्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि एकल गीतों और कवयित्री उन्नति भारद्वाज व सरोज सरगम की ओजस्वी कविताओं ने उपस्थित सनातनी समाज को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचल गुप्ता ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कार भारती की जिला महामंत्री डॉ.रिचा वार्ष्णेय उपस्थित रहीं।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता एवं सह क्षेत्रीय सम्पर्क प्रमुख हरीश रौतेला ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व का सबसे बड़ा गैर-राजनीतिक संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अब अपने स्वर्णिम शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने संघ की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि परम पूज्य डॉ. केशवराव हेडगेवार जी ने नागपुर में मात्र पांच बालकों के साथ जिस संगठन की नींव रखी थी, वह आज वटवृक्ष बन चुका है। विगत 15 वर्षों में संगठन ने भारत के कोने-कोने में अपने विचारों को पहुँचाया है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के ‘गर्व से कहो हम हिंदू हैं’ के उद्घोष को याद करते हुए कहा कि आज पूरा विश्व भारत की विचारधारा और कार्यशैली से जुड़कर इसे परम वैभव की ओर ले जाने के लिए अग्रसर है।

कार्यक्रम संचालन जगदीश सक्सेना द्वारा किया गया। इस भव्य समागम में मुख्य अतिथि पूज्य विष्णु दास जी महाराज, विभाग संघचालक ओमप्रकाश, सह विभाग प्रचारक अमित कुमार और बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा, जिला प्रचारक दुष्यंत कुमार, नगर संघचालक प्रदीप नंवरग, नगर प्रचारक कुलदीप कुमार और विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष कुमार सहित स्वतंत्र देवल, प्रवीण मोहन अग्रवाल, अभिमन्यु गंगवार और सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।