रुद्रपुर। मानसून सीजन को देखते हुए जिले में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया सहित मच्छर और जलजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल की अध्यक्षता में मुख्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जिले के सरकारी अस्पतालों के पैथोलॉजिस्ट और लैब टेक्नीशियन शामिल हुए।
बैठक में सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष डेंगू वार्ड तैयार करने के साथ पर्याप्त जांच किट, दवाओं और अन्य आवश्यक संसाधनों का स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी चिकित्सा उपकरणों को चालू हालत में रखने को कहा गया।
जिला चिकित्सालय रुद्रपुर, उप जिला चिकित्सालय खटीमा और काशीपुर में डेंगू की एलाइजा जांच के लिए पर्याप्त किट और दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को नष्ट करने और जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
जिला सर्विलांस अधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को डेंगू, मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डीपी सिंह, डॉ. एसपी सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी गुरुनाम सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम हिमांशु मस्युनी, जिला डाटा मैनेजर चांदमिया सहित जिले के सरकारी अस्पतालों के पैथोलॉजिस्ट और लैब टेक्नीशियन मौजूद रहे।