पीलीभीत। थाना बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम नसरुल्लापुर से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गुरुवार दोपहर करीब 01:17 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही बीसलपुर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका की पहचान नसरुल्लापुर निवासी रामप्रताप गंगवार की 50 वर्षीया पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हत्या की खौफनाक वजह पैसों का विवाद बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतका के 20 वर्षीय पुत्र विकास गंगवार ने हाल ही में अपनी लगभग तीन बीघा जमीन बेची थी। जमीन की बिक्री से मिले रुपयों को लेकर मां और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मां द्वारा बिक्री के पैसे मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आपे से बाहर होकर विकास ने अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त विकास गंगवार को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है तथा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।