​पीलीभीत। पूरनपुर नगर के एक केला प्लांट पर काम करने वाले युवक के साथ कुछ दबंगों द्वारा मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में नगर के मोहल्ला हबीबगंज गौटिया निवासी फूलचंद ने बताया कि उनका पुत्र मुकेश उर्फ मिथलेश एक केला प्लांट पर मजदूरी व देखरेख का कार्य करता है। रोज की तरह वह प्लांट पर केले की कटाई और रखवाली कर रहा था, तभी अचानक कुलदीप अपने साथी अमित गुप्ता, पालजीत और राठौर नाम के एक व्यक्ति के साथ वहां धमक पड़ा। आरोप है कि चारों आरोपी आढ़त पर रखे केले और अन्य कीमती सामान जबरन उठाने लगे। जब मुकेश ने इस अवैध हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे जातिसूचक और अभद्र गालियां देनी शुरू कर दीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
​इसके बाद बेखौफ आरोपियों ने मुकेश पर लाठी-डंडों व धारदार चीजों से जानलेवा हमला बोल दिया। इस बर्बर हमले में मुकेश के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। प्लांट पर अचानक हुए शोर-शराबे और चीख-पुकार को सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के कामगारों और ग्रामीणों ने हौसला दिखाते हुए घेराबंदी कर एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि बाकी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। परिजनों ने आनन-फानन में घायल मुकेश को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पीड़ित पिता फूलचंद की तहरीर पर तत्परता दिखाते हुए आरोपी कुलदीप, अमित गुप्ता, पालजीत और राठौर के खिलाफ सुसंगत कानूनी धाराओं में मामला पंजीकृत कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *