​पीलीभीत। केंद्रीय वाणिज्य उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने आज ग्राम पंचायत पिपरिया मझरा स्थित गोमती नदी के बंजार घाट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद फावड़ा चलाकर ‘गोमती पुनरुद्धार कार्यक्रम’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत हरिशंकरी के पौधे का रोपण भी किया। इसके उपरांत ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित जनसंवाद चौपाल में केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और केंद्र सरकार के 12 वर्षों (4400 दिन) के कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियां गिनाईं।


​जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि आज विश्व के तमाम देशों में भारी संकट और अशांति का माहौल है, लेकिन हमारा देश पूरी तरह सुरक्षित हाथों में है। वैश्विक स्तर पर कहीं मिसाइलें गिर रही हैं, तो कहीं तेल और गैस का भारी संकट है, परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुदृढ़ विदेश नीति और दूरदर्शिता के कारण भारत में ऐसी कोई समस्या उत्पन्न नहीं हुई। उन्होंने कहा कि देश की जनता के सहयोग से ही आज केंद्र में एक स्थिर और मजबूत सरकार है, जो विकसित भारत की मजबूत नींव रख रही है। चौपाल के दौरान उन्होंने पिपरिया मजरा गांव में श्मशान घाट व बंजार घाट के जीर्णोद्धार तथा सिकरहना मार्ग के निर्माण जैसी स्थानीय मांगों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।


​कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, आधुनिक कृषि उपकरण, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना व कन्या सुमंगला योजना के प्रमाण पत्र और विश्वकर्मा योजना के तहत टूल किट वितरित किए। इससे पूर्व पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने भी विचार व्यक्त करते हुए जनता से गोमती पुनरुद्धार अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अमरिया क्षेत्र के भरापचपेड़ा में एक बड़ा औद्योगिक हब स्थापित हो रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।
​तहसील परिसर में ‘नारी शक्ति मॉडल प्रेरणा कैंटीन’ का उद्घाटन


बंजार घाट के कार्यक्रम के उपरांत केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने तहसील पूरनपुर परिसर पहुंचकर वहां नवनिर्मित ‘नारी शक्ति मॉडल प्रेरणा कैंटीन’ का फीता काटकर और नारियल फोड़कर विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कैंटीन की खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट का बारीकी से अवलोकन किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद चखकर उनके इस आत्मनिर्भर प्रयास की सराहना की।


​इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार, पूरनपुर एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी, सीएमओ, भाजपा जिला उपाध्यक्ष लेखराज भारती, पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, महामंत्री महादेव गायन, अनुराग अग्निहोत्री, मंगली प्रसाद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अपूर्व सिंह, प्रधान संघ जिलाध्यक्ष नरेश पाल सिंह, गन्ना समिति अध्यक्ष नितिन दीक्षित, पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीकांत भारद्वाज, दीपिका चतुर्वेदी तथा लक्ष्मण प्रसाद वर्मा, निर्भय सिंह, राममूर्ति सिंह, सतीश मिश्रा अचूक सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi