पीलीभीत। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय (भारत सरकार) के क्षेत्रीय निदेशक (भंडारण एवं अनुसंधान) डॉ. आर.के. शाही ने गुरुवार को जनपद का दौरा कर उचित दर दुकानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास खंड ललौरीखेड़ा और तहसील सदर के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरचुईया में संचालित उचित दर दुकान सह अन्नपूर्णा भवन का जायजा लिया। इसके साथ ही क्षेत्रीय निदेशक ने नगर पालिका परिषद पीलीभीत के क्षेत्र में कार्यरत उचित दर विक्रेता रियाज अहमद की दुकान का भी औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।
निरीक्षण के दौरान डॉ. आर.के. शाही ने उचित दर दुकानों और अन्नपूर्णा भवन पर प्रदर्शित की जाने वाली आवश्यक सूचनाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर अंत्योदय लाभार्थियों की सूची, अन्न सहायता हेल्पलाइन नंबर तथा टोल-फ्री नंबर आदि के बोर्ड प्रदर्शित होने की स्थिति को देखा। इसके साथ ही उन्होंने भवन व दुकानों में भंडारित किए गए सरकारी खाद्यान्न (गेहूं व चावल) की गुणवत्ता और उसकी मात्रा की भौतिक जांच भी की।
जांच के उपरांत क्षेत्रीय निदेशक ने मौके पर उपस्थित कोटेदारों और उचित दर विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से खाद्यान्न को सुरक्षित रखने पर जोर देते हुए विक्रेताओं को हिदायत दी कि वे सरकारी राशन को नमी और कीड़ों के प्रकोप से बचाने के लिए सभी जरूरी तकनीकी व सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करें, ताकि लाभार्थियों को पूरी तरह शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण राशन मिल सके।