रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस बल की कार्यकुशलता,अनुशासन,शारीरिक दक्षता एवं पेशेवर कार्यशैली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसएसपी अजय गणपति ने शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस,टर्नआउट, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता,अनुशासन एवं जनविश्वास बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिस कर्मी का अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करना आवश्यक है।
उन्होंने अधीनस्थों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान अथवा सार्वजनिक स्थानों पर शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है यदि कोई पुलिस कर्मी नशे की अवस्था में ड्यूटी करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है तथा प्रत्येक पुलिस कर्मी को वर्दी की गरिमा एवं विभाग की प्रतिष्ठा के अनुरूप आचरण करना चाहिए। एसएसपी ने अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के भी निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों,माफियाओं एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाए।एसएसपी का शारीरिक फिटनेस पर विशेष जोर साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस कर्मियों की शारीरिक फिटनेस का भी परीक्षण किया।एसएसपी ने कहा कि एक शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट पुलिस कर्मी ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को नियमित व्यायाम, परेड एवं प्रशिक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के निर्देश दिए। किसी प्रकार का नशा, लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।