​पीलीभीत। जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शनिवार को अमरिया क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में टीम ने बिना पंजीकरण चल रहे ‘एडवांस अल्ट्रासाउंड सेंटर’ को रंगे हाथों पकड़कर सील कर दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के झोलाछाप और अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है।
​जानकारी के अनुसार, अमरिया स्थित सिटी कॉलोनी में संचालित इस सेंटर के बोर्ड पर ‘जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर’ का नाम भी अंकित था। डॉ. मंजीत सिंह (चिकित्सा अधिकारी) के नेतृत्व में गठित सचल दल, जिसमें सहायक शोध अधिकारी, उप जिलाधिकारी कार्यालय के कर्मचारी और पुलिस बल शामिल था, ने जब सेंटर पर छापेमारी की तो वहां केवल एक स्टाफ मौजूद मिला। टीम द्वारा पंजीकरण के दस्तावेज मांगने पर संचालक कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। जांच के दौरान मौके पर एक अल्ट्रासाउंड मशीन और अवैध रूप से काटी गई रसीदें भी बरामद हुईं। चौंकाने वाली बात यह रही कि सेंटर पर कोई भी योग्य चिकित्सक या तकनीशियन मौजूद नहीं था।
​प्रथम दृष्टया अवैध संचालन पाए जाने पर डॉ. मंजीत सिंह ने अल्ट्रासाउंड मशीन कक्ष सहित पूरे प्रतिष्ठान को सील कर दिया। इस मामले में संबंधित प्रतिष्ठान के दो स्वामियों के विरुद्ध पी.सी.पी.एन.डी.टी. अधिनियम 1994 की सुसंगत धाराओं के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज करने हेतु थाने में तहरीर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह के अवैध केंद्र संचालित हो रहे हैं, तो उसकी सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को दें। विभाग ने आश्वासन दिया है कि शिकायतकर्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *