रुद्रपुर के नवनिर्मित रामपुर बाईपास पर एक और दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 30 वर्षीय सुखदेव विश्वास, जो शादी के लिए लड़की देखकर लौट रहे थे, रात में बाइक से डिवाइडर से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए और जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

बताया जा रहा है कि सुखदेव दिनेशपुर में अपने जीजा और दोस्त के साथ लड़की देखने गए थे, लेकिन लौटते समय वह अकेले बाइक से घर आ रहे थे। गौतम हॉस्पिटल के सामने सड़क पर बने डिवाइडर अंधेरे में साफ नजर नहीं आए और तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक सीधे टकरा गई। हादसे में वह कई मीटर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

सुखदेव मूल रूप से रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के रहने वाले थे और सोलर पैनल लगाने का काम कर अपने परिवार का सहारा थे। चार भाइयों में सबसे छोटे होने के कारण वह परिवार के सबसे लाडले थे। जिस घर में शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

इधर, एक हफ्ते के भीतर लगातार दो युवकों की मौत के बाद हाइवे प्रशासन की नींद टूटी है। लोगों के अनुसार सड़क के बीचों-बीच रखे बड़े डिवाइडर पहले से ही खतरा बने हुए थे, जिन्हें कई बार हटाने की मांग की गई थी। अब दूसरे हादसे के बाद प्रशासन ने डिवाइडर हटवा दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो दो युवकों की जान बचाई जा सकती थी।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *