अमरिया PILIBHIT। माता रानी के दर्शन कराने के नाम पर महिला के साथ टप्पेबाजी कर कुंडल पार करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अमरिया पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए कुंडल, अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। यह गैंग महाराष्ट्र और उत्तराखंड तक फैला हुआ है, जो लोगों को झांसे में लेकर घटनाओं को अंजाम देता था।
घटनाक्रम के अनुसार, अमरिया थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर निवासी मालती देवी ने 7 मार्च को पुलिस को तहरीर दी थी। पीड़िता ने बताया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसे माता रानी के दर्शन कराने के नाम पर विश्वास में लिया और बातों-बातों में टप्पेबाजी कर उसके कान के कुंडल ले उड़े। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल टीमों का गठन कर मामले के अनावरण के निर्देश दिए थे। अमरिया पुलिस लगातार सुरागकशी में जुटी थी।

सोमवार को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी बरेली-हरिद्वार हाईवे पर मुडलिया गौसू चौकी के पास मौजूद हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इरफान (निवासी रसीद कंपाउंड, कौसा, थाना मुमरा, ठाणे, महाराष्ट्र; हाल निवासी गूलरबोझ, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड), समीर (निवासी बनभूलपुरा, हल्द्वानी) और जलालुद्दीन लाहौरी (निवासी गूलरबोझ, ऊधम सिंह नगर) के रूप में हुई। तलाशी में पुलिस को आरोपियों के पास से दो तमंचे, दो कारतूस, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल, लूटे गए दो जोड़ी कुंडल और 1660 रुपये की नकदी मिली।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पकड़े गए शातिर अंतर्राज्यीय गैंग के सदस्य हैं, जो विभिन्न राज्यों में सक्रिय थे। पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस सफल खुलासे में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, हिमांशु, जगदीप मलिक, संजीव कुमार, महिला उपनिरीक्षक अन्नू रानी, कांस्टेबल अनिल कुमार, विशेष चौधरी और अंकित चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)