पीलीभीत। भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने वल्लभनगर स्थित पार्टी कार्यालय से जोरदार जुलूस निकाला। शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए यह जुलूस रामस्वरूप पार्क पहुंचा, जिसे कार्यकर्ताओं ने ‘साम्राज्यवाद विरोधी दिवस’ के रूप में मनाया। रामस्वरूप पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव देवाषीश राय ने कहा कि भगत सिंह और उनके साथियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनता की मुक्ति के लिए अपनी जान कुर्बान की थी, लेकिन आज ब्रिटिश साम्राज्य की तरह अमेरिकी साम्राज्य भी दुनिया में अपनी तानाशाही कायम करना चाहता है। उन्होंने अमेरिका पर वेनेजुएला के तेल पर कब्जा करने और इजराइल के साथ मिलकर ईरान पर युद्ध थोपने का आरोप लगाते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की।

सभा के दौरान वक्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहे संघर्षों पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत की जनता अमेरिका और इजराइल के साम्राज्यवाद के खिलाफ ईरान की जनता के साथ खड़ी है। इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार की विदेश नीति पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा गया कि तेल और कूटनीतिक मामलों में अमेरिका व इजराइल के आगे आत्मसमर्पण करना बेहद शर्मनाक है। जिला प्रभारी अफरोज आलम ने जोर देकर कहा कि आज के दौर में “साम्राज्यवाद का नाश हो” और “इंकलाब जिंदाबाद” जैसे नारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने आह्वान किया कि देश को विदेशी ताकतों के इशारे पर चलाने की कोशिशों के खिलाफ खड़ा होना हर नागरिक का कर्तव्य है। इस अवसर पर किसान महासभा के जिला संयोजक धर्मेंद्र पाण्डेय, माले नेता देवीदयाल, एडवोकेट शम्स विकास, मनोहर लाल, रामपाल वर्मा, सर्वेश कश्यप, गोपाल मिश्रा, भूपराम और गीता सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं ने अपने विचार साझा किए।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)