पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सोमवार को तहसील कलीनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरीपुर मु0 फुलहर में माँ गोमती आदर्श पर्यटन स्थल और देवीपुरा गौशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निराश्रित गौवंशों के लिए चारे, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने माँ गोमती गौशाला में नए टिनशेड निर्माण और हरा चारा उगाने के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। वहीं, देवीपुरा गौशाला में निर्माणाधीन नाले के कार्य में तेजी लाने और रिक्त स्थान पर इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंशों के स्वास्थ्य और परिसर की स्वच्छता में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौटांडा पहुंचकर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल के कोल्ड चेन, महिला वार्ड और ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए यह टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को इसका लाभ मिल सके।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने टीकाकरण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि टीका लगवाने के लिए बालिकाओं को अपना आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या शैक्षिक योग्यता का प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। अभियान के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती प्रसूताओं को फल भी वितरित किए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी कलीनगर और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)