नई दिल्ली | उत्तर-पूर्वी दिल्ली का न्यू उस्मानपुर इलाका मंगलवार को उस वक्त दहल गया, जब एक ओयो (OYO) होटल के कमरे में खून से लथपथ दो लोग मिले। पुलिस के मुताबिक, एक 23 वर्षीय युवक ने शादी से इनकार करने पर अपनी 21 वर्षीय प्रेमिका का गला काट दिया और फिर खुद की भी जान लेने की कोशिश की।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक और युवती सोमवार शाम को होटल पहुंचे थे। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कमरे के अंदर शादी की बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई। जब युवती ने शादी करने से साफ मना कर दिया, तो गुस्से में आकर युवक ने पास रखे तेजधार हथियार से युवती के गले पर जानलेवा हमला कर दिया। युवती को मरा हुआ समझकर युवक ने उसी हथियार से अपना भी गला रेत लिया।

https://www.facebook.com/share/p/1C7ZySjqpG

होटल में मचा हड़कंप
कमरे से आने वाली चीखों और संदिग्ध गतिविधियों को देख होटल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को कॉल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को लहूलुहान हालत में बाहर निकाला।

अस्पताल में जिंदगी की जंग
फिलहाल दोनों को दिल्ली के जीटीवी (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे वेंटिलेटर पर हैं।

पुलिस की कार्रवाई
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से हथियार बरामद कर लिया है। आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है। होटल के सीसीटीवी फुटेज और स्टाफ के बयानों को रिकॉर्ड पर लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *