​पीलीभीत। भारतीय मजदूर संघ के जिला कार्यसमिति के तत्वावधान में बुधवार को कर्मचारियों और मजदूरों ने अपनी ज्वलंत समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने केंद्र व राज्य सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों और विभाग स्तर पर हो रही उपेक्षा के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से 18 सूत्रीय मांग पत्र प्रेषित किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे जिला मंत्री ब्रह्म स्वरूप वर्मा ने कहा कि आज मजदूर और कर्मचारी महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी तंत्र की अनदेखी के कारण भुखमरी की कगार पर हैं।
​संगठन ने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की दयनीय स्थिति पर गहरा रोष व्यक्त किया। ज्ञापन में मांग की गई कि आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी घोषित कर उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की जाए। वक्ताओं ने कहा कि संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों का शोषण चरम पर है; उन्हें न तो समय पर वेतन मिल रहा है और न ही उनके भविष्य को लेकर कोई नियमावली बनाई गई है। इसके साथ ही एनएचएम कर्मियों की स्थानांतरण विसंगतियों और बीमा लाभ को तत्काल लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
​प्रदर्शन के दौरान पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा भी गरमाया रहा। संघ ने स्पष्ट किया कि लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर सरकार की चुप्पी कर्मचारियों के साथ अन्याय है। साथ ही, 108 और 102 एंबुलेंस सेवा के बर्खास्त कर्मियों की तत्काल बहाली, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों का उत्पीड़न बंद करने और ई-रिक्शा चालकों को उचित स्टैंड व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने पर जोर दिया गया। मिड-डे मील कर्मियों का मानदेय 10,000 रुपये करने और परिवहन निगम के मृतक आश्रितों को नौकरी देने की मांग भी पुरजोर तरीके से रखी गई।
​इस अवसर पर जिला अध्यक्ष साधुराम दिवाकर ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक विचार नहीं किया गया, तो संगठन राष्ट्रव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा। विरोध प्रदर्शन में योगेंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार शर्मा, शेर सिंह चौहान, राजकुमार श्रीवास्तव, अमरेश कुमार, नंदकिशोर कश्यप, मनोज कुमार पांडे सहित अनामिका श्रीवास्तव और डॉ.देवेश गिरी जैसे दर्जनों पदाधिकारी व सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *