रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। जनपद मुख्यालय से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि गांधी पार्क में चल रहे सरस मेले से अपने देवर के साथ घर लौट रही एक विवाहिता के साथ सुनसान रास्ते पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया। आरोपियों ने महिला के देवर के सामने ही तमंचे की नोक पर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और विरोध करने पर महिला पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित महिला ने रम्पुरा चौकी में दी तहरीर में बताया कि 22 फरवरी की रात करीब 9 बजे वह अपने देवर के साथ मेले से वापस लौट रही थी। मोदी मैदान के पास देवर के परिचित तीन युवक दो बाइकों पर आए। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और महिला को जबरन बाइक पर बैठाकर ठंडी सड़क के पास एक सुनसान जगह ले गए।

देवर के सामने दरिंदगी और वीडियो बनाया

पीड़िता के अनुसार, दो युवकों ने उसके देवर के सामने ही बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू मारकर उसे घायल कर दिया और इस पूरी वारदात का वीडियो भी बना लिया। दरिंदों ने धमकी दी कि यदि किसी को बताया या पुलिस के पास गई तो वीडियो वायरल कर जान से मार देंगे। बताया जा रहा है कि देवर उन तीनों युवकों को पहले से जानता था।

पुलिस की कार्रवाई और देवर पर शक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस शक के आधार पर देवर से भी कड़ी पूछताछ कर रही है। चौकी प्रभारी कविन्द्र शर्मा ने बताया कि:

  • महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
  • माननीय न्यायालय के समक्ष धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए जाएंगे।
  • गैंगरेप के आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *