रुद्रपुर। प्रदेश के न्यायालयों में बम की धमकी को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में शुक्रवार को जनपद के समस्त न्यायालय परिसरों में व्यापक और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान की संवेदनशीलता और महत्व को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं रुद्रपुर न्यायालय परिसर में उपस्थित रहकर जिला जज सिकन्द कुमार त्यागी, पुलिस अधीक्ष्क सिटी उत्तम सिंह नेगी, एसपी काशीपुर स्वपन कुमार सिंह, सिडकुल थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट आदि के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सर्चिंग ऑपरेशन का नेतृत्व किया, इस दौरान उन्होनेजिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव फोगाट व महासचिव जसवन्त सिंह से भी बातचीत की।

इस विशेष अभियान के दौरान बम डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वाड की टीमों ने पूरे न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे की बारीकी से तलाशी ली। परिसर में स्थित पार्किंग, बैठने के स्थान और कार्यालयों के आसपास सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।सुरक्षा मानकों को और कड़ा करते हुए एसएसपी ने निर्देश दिए कि न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की मेटल डिटेक्टर से गहनता से चेकिंग और तलाशी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एस एसपी अजय गणपति ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि संदिग्ध गतिविधियों और अपरिचित व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जाए साथ ही परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की नियमित और प्रभावी जांच करने के भी आदेश दिए गए।इस औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान से न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबन्द नजर आई। जनपद के अन्य न्यायालयों में भी संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में इसी प्रकार का सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *