पीलीभीत। ​जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सियावाड़ी पट्टी में 13/14 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी। पीड़िता पर्वत सिंह पुत्र मिढ़ईलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोरों ने उनके बंद मकान में छत के रास्ते प्रवेश कर सेफ, अलमारी व संदूक के ताले तोड़ दिए और सोने के जेवरात, चांदी की पायल तथा करीब 32,000 रुपये नकद चुरा लिए। इसके साथ ही चोरों ने पड़ोस के रोहित कुमार के घर से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी तथा ओमकार के घर से सोने की चेन व चांदी के सिक्के पार कर दिए। पीड़ित की सूचना पर जहानाबाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 335/2026 धारा 305(a) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
​घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर नताशा गोयल और प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोरी की इस वारदात का जल्द से जल्द खुलासा करने के लिए विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है। मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi