रुद्रपुर। पंतनगर से बाइक पर अपने घर जयनगर लौट रहे बायोटेक कंपनी के 50 वर्षीय कर्मचारी महेन्द्र कुमार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। पत्थरचट्टा क्षेत्र में टीडीसी कार्यालय के सामने पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महेन्द्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार महेन्द्र कुमार पंतनगर स्थित एक बायोटेक कंपनी में कर्मचारी थे। मंगलवार देर शाम काम समाप्त करने के बाद वह बाइक से ग्राम जयनगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पत्थरचट्टा क्षेत्र में टीडीसी कार्यालय के सामने पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। बताया गया कि ट्रक चालक घायल की मदद करने के बजाय वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। चालक को भागता देख स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद लोगों ने आगे अपना वाहन लगाकर ट्रक को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया।

स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक और वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इधर, गंभीर रूप से घायल महेन्द्र कुमार को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi