पीलीभीत। समाजवादी पार्टी में पुनः शामिल होने के बाद प्रथम नगर आगमन पर पूर्व राज्य मंत्री हेमराज वर्मा का कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। पीलीभीत पहुंचते ही खमरिया पुल, ललौरीखेड़ा, आसाम चौराहा, नौगवां चौराहा, जाटों वाला चौराहा, काला मंदिर (जहां उन्होंने दर्शन कर आशीर्वाद लिया), नई बस्ती चौराहा, सुनगढ़ी, छतरी चौराहा और यशवंतरी देवी मंदिर दर्शन के उपरांत वे सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थलों पर कार्यकर्ताओं के बीच अपना जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया।
पार्टी कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, महामंत्री नफीस अंसारी, प्रवक्ता अमित पाठक, उपाध्यक्ष अकबर अंसारी, विधानसभा अध्यक्ष इम्तियाज अल्वी, समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार राजू और उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा कतर सहित तमाम प्रमुख नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

भाजपा के खिलाफ अभियान और ‘झूठी लंका’ दहन का संकल्प
पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व राज्य मंत्री हेमराज वर्मा ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि वह भाजपा को समझने के लिए उसमें शामिल हुए थे और अब उन्होंने उनकी “लंका की रचना” को पूरी तरह समझ लिया है। वर्मा ने ऐलान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भाजपा द्वारा तैयार की गई इस झूठी लंका का पूरी तरह दहन कर देगी। उन्होंने बताया कि गत 29 अगस्त को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की मौजूदगी में उन्होंने पुनः सपा की सदस्यता ग्रहण की है। अब वे पूरे प्रदेश में भाजपा के झूठ की फैक्ट्री को बेनकाब करने के लिए एक विशेष अभियान चलाएंगे।
सपा सरकार के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की सराहना
हेमराज वर्मा ने अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू की गई योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता आज भी उठा रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ‘100 डायल’ सेवा शुरू की थी, जिसे भाजपा सरकार ने बदलकर ‘112’ तो कर दिया, लेकिन प्रदेश में अपराध पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। भाजपा सरकार केवल सपा की महत्वाकांक्षी योजनाओं का बंटाधार करने में लगी है। उन्होंने कहा कि सपा सभी धर्मों, जातियों और वर्गों का सम्मान करती है, जबकि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेकने और चंदा चोरी का काम करती है।

2027 में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का दावा
पीलीभीत (127) विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी से जुड़े सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वह केवल एक सीट तक सीमित नहीं हैं; प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जहां भी पार्टी को उनकी जरूरत होगी, वे वहां मजबूती से भाजपा के षड्यंत्रों को उजागर करेंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब सच्चे सनातनी को सत्ता के सोफे पर बैठाएगी और भाजपा जैसे झूठे सनातनियों को उखाड़ फेंकेगी। वह समाजवादी पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ सपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेंगे।