पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। इसी कड़ी में 127 विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के संभावित प्रत्याशी व पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ़ फूलबाबू के नेतृत्व में जनसंवाद और पीडीए पंचायत अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। नगर पंचायत जहानाबाद में आयोजित विशाल पीडीए पंचायत में क्षेत्रीय जनता और सपा कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम देखने को मिला, जिसे क्षेत्र में पार्टी की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मंत्री फूलबाबू के साथ सपा प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पंचायत को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री फूलबाबू ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की आवाज को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में ले जाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पूरी मजबूती से जुटना होगा। वहीं, आनंद सिंह यादव ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। जहानाबाद में उमड़े इस जनसैलाब के बीच मौजूद नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव के नेतृत्व को मजबूत करने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया।