रुद्रपुर। पुलिस ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ कई समर्थकों को भी हिरासत में लिया गया है। बताया गया कि ठुकराल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन देने के लिए सिटी क्लब पहुंचे थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्हें समर्थकों समेत हिरासत में ले लिया।

दरअसल, कुछ दिन पहले कलेक्ट्रेट परिसर में कमिश्नर दीपक रावत के सामने हुए हंगामे के बाद जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी की तहरीर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद इसको लेकर कांग्रेसियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था।

विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय का घेराव भी किया था। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा था कि यदि ठुकराल को गिरफ्तार किया गया तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे। बताया गया कि इसके बाद ठुकराल की गिरफ्तारी नहीं किए जाने पर सहमति बनी थी।

जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर देना था ज्ञापन

बताया गया कि आज ठुकराल के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी थी कि जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं, चिकित्सकों की कमी, दवाइयों के अभाव और अस्पताल को रेफर सेंटर बनाए जाने के विरोध में रुद्रपुर पहुंच रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन दिया जाएगा।

इसी कार्यक्रम के लिए राजकुमार ठुकराल अपने कुछ समर्थकों के साथ सिटी क्लब पहुंच गए।

पुलिस ने गाड़ी रोककर ठुकराल को लिया हिरासत में

जैसे ही पुलिस को ठुकराल के सिटी क्लब पहुंचने की जानकारी मिली, भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। बताया गया कि ठुकराल जैसे ही अपनी गाड़ी से बाहर निकलने लगे, पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इस दौरान पुलिस ने उनके कई समर्थकों को भी हिरासत में लिया। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi