रुद्रपुर। उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक बेहद हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के शिवनगर और लालपुर क्षेत्र से एक ही दिन तीन किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। एक साथ तीन लड़कियों के गायब होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। किशोरियों की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर पूर्व विधायक के नेतृत्व में पीड़ित परिजनों और भारी संख्या में क्षेत्रवासियों ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कर किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है।

बुआ के घर गई थी किशोरी, सहेलियों के साथ हुई गायब
पुलिस को सौंपी तहरीर में शिवनगर निवासी रोशनी रस्तौगी ने बताया कि बीते 13 अगस्त को उनकी पुत्री नेहा नीलकंठ कॉलोनी फेस-1, लालपुर स्थित अपनी बुआ के घर गई थी। रात करीब आठ बजे जब रोशनी अपने पति के साथ बेटी को लेने बुआ के घर पहुंची, तो नेहा वहां मौजूद नहीं थी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा।

जांच में हुआ बड़ा खुलासा, एक युवक से फोन पर हुई थी बात
परिजनों ने जब अपने स्तर से छानबीन आगे बढ़ाई, तो एक चौंकाने वाली बात सामने आई। पता चला कि नेहा के साथ ही लालपुर नीलकंठ कॉलोनी की रहने वाली दो अन्य किशोरियां माही रस्तौगी और अंजलि कश्यप भी अपने-अपने घरों से लापता हैं। परिजनों के अनुसार, गायब होने से ठीक पहले शाम करीब सात बजे नेहा की एक अज्ञात युवक से फोन पर लंबी बातचीत भी हुई थी।

परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
तीनों किशोरियों के एक साथ गायब होने से डरे और चिंतित परिजनों ने किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई है। ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मोबाइल लोकेशन और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर किशोरियों को जल्द ही सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

इस दौरान अशोक रस्तौगी, बबलू रस्तौगी, गीता गुप्ता, सौरभ रस्तौगी, राकेश रस्तौगी, अजय रस्तौगी सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग कोतवाली में मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi