पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में पुलिस ने सोना दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का सफल अनावरण किया है। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा चोरी व टप्पेबाजी की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुनगढ़ी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
घटना 10 जुलाई 2026 की है, जब रंजीत सिंह कॉलोनी (गुरुद्वारे वाली गली), थाना सुनगढ़ी निवासी राहुल राठौर पुत्र स्व. हरस्वरूप की माता जी बाजार जा रही थीं। रास्ते में दो अज्ञात ठगों ने उन्हें झांसा देकर सोना दोगुना करने का लालच दिया और उनके सोने के कुण्डल, अंगूठी तथा ₹5,000 की नकदी ठग कर फरार हो गए। पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर थाना सुनगढ़ी पर मु0अ0सं0 337/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस कार्रवाई एवं बरामदगी:
थाना सुनगढ़ी पुलिस टीम द्वारा विवेचना के दौरान प्रकाश में आए तीन अभियुक्तों—आबिद (20 वर्ष) पुत्र इसरार अंसारी निवासी शाहजहाँपुर, तथा दो सगे भाइयों राज (21 वर्ष) व वीर (18 वर्ष) पुत्रगण शंकरलाल सोलंकी निवासी कासगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से टप्पेबाजी में हड़पे गए कुण्डल को बेचने से प्राप्त कुल ₹25,000 की नकदी बरामद की गई है। पुलिस द्वारा मामले में धारा 318(4) व 317(2) बीएनएस के तहत अग्रिम कानूनी कार्यवाही पूर्ण करते हुए अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुकतो में आबिद पुत्र इसरार अंसारी (उम्र करीब 20 वर्ष), निवासी मोहल्ला गदियाना चुंगी कर्बला के पास, थाना सदर बाजार, जनपद शाहजहाँपुर।
राज पुत्र शंकरलाल सोलंकी (उम्र करीब 21 वर्ष), निवासी लालपुर नई बस्ती, थाना कासगंज, जनपद कासगंज।
वीर पुत्र शंकरलाल सोलंकी (उम्र करीब 18 वर्ष), निवासी लालपुर नई बस्ती, थाना कासगंज, जनपद कासगंज।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप-निरीक्षक शुभम भारती, हेड कॉन्स्टेबल रमेशचन्द्र, कॉन्स्टेबल जगमोहन, कॉन्स्टेबल अर्पण एवं कॉन्स्टेबल राजीव कुमार शामिल रहे।