अमरिया। जनपद पीलीभीत के थाना अमरिया क्षेत्र अंतर्गत गांव जिठनिया में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक दामाद पर अपनी ही वृद्ध सास की बेरहमी से हत्या करने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को बूंगे (उपलों के ढेर) में रखकर जलाने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर आरोपी बहनोई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
​गांव जिठनिया निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि उसकी वृद्ध मां मोहन देई गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास बने मकान में अकेली रहती थीं। गत 31 जुलाई की रात करीब 8 बजे उनका बहनोई महेंद्र पाल (निवासी हरहरपुर धुरा, थाना अमरिया) मां के घर आया था और रात में वहीं रुका था। सुरेश का आरोप है कि उसकी मां अक्सर अपनी बेटी मीना कुमारी को अपने पास रहने के लिए बुला लिया करती थी, जिससे उसका बहनोई महेंद्र पाल बेहद नाराज रहता था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 31 जुलाई की रात महेंद्र पाल ने मौका पाकर अपनी सास मोहन देई की हत्या कर दी और वारदात को छिपाने के लिए शव को बूंगे में रखकर आग के हवाले कर दिया।


​घटना के बाद से ही परिजन वृद्ध मां की काफी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। बीते 6 अगस्त को जब सुरेश गांव के लोगों के साथ घर के पास जले हुए बूंगे की राख हटाकर देख रहा था, तभी राख के ढेर से उसकी मां की अधजली हड्डियां और चूड़ियां बरामद हुईं। इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अमरिया अमित सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi