मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना हलधरपुर क्षेत्र के गहनी गांव में अवैध संबंधों के शक और रंजिश के चलते एक युवक की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले अपने दोस्त को छककर शराब पिलाई और फिर क्रिकेट के बल्ले व डंडों से पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने घटना में शामिल दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हलधरपुर थाना क्षेत्र के गहनी गांव के रहने वाले बलवंत सिंह (30 वर्ष) का शव मंगलवार सुबह गांव के पास झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में मिला था। मृतक के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान थे। बलवंत सोमवार रात अपने नलकूप (ट्यूबवेल) पर सोने गया था, जिसके बाद वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया और सुबह उसकी लाश मिली। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।

दोस्त की पत्नी पर थी बुरी नजर

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनूप कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक बलवंत सिंह का अपने ही एक दोस्त की पत्नी पर काफी समय से डोरा डाल रहा था और उसके साथ अवैध संबंध थे। इसके अलावा दूसरे दोस्त की प्रेमिका के साथ भी उसकी नजदीकियां थीं। जब इस बात की भनक उसके दोस्तों को लगी, तो उनके बीच गहरा विवाद शुरू हो गया। अपनी पत्नी पर दोस्त की बुरी नजर से नाराज मुख्य आरोपी ने बलवंत को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।

शराब पार्टी के बाद बल्ले से किया हमला

साजिश के तहत आरोपियों ने सोमवार की रात बलवंत सिंह को बात करने के बहाने बुलाया। पहले सबने मिलकर एक साथ शराब पी। जब बलवंत शराब के नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तब आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर उस पर हमला बोल दिया। गुस्से से आगबबूला दोस्त ने पास में रखे क्रिकेट के बल्ले और डंडों से बलवंत के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। हमला इतना घातक था कि बलवंत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को गहनी-गहना मार्ग के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों अभियुक्त गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम, फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दोनों अभियुक्तों—विवेक सिंह उर्फ सिट्टू सिंह और देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से आला-ए-कत्ल भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi