टनकपुर/सितारगंज। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त गश्त अभियान चलाया। यह चेकिंग अभियान 57 वाहिनी स.सी. बल (SSB), सितारगंज के कमांडेंट श्री गंगा सिंह उदावत के कुशल निर्देशन में बीओपी टनकपुर के कार्मिकों और मनिहारगोठ पुलिस चौकी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।
विलुप्त सीमा स्तंभ से चेक पोस्ट तक सघन चेकिंग
सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने कार्यक्षेत्र में आने वाले सीमा स्तंभ संख्या 811 (विलुप्त) से लेकर बीओपी टनकपुर चेक पोस्ट तक व्यापक गश्त की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना है।

वाहनों और संदिग्धों पर रखी पैनी नजर
संयुक्त चेकिंग के दौरान मनिहारगोठ पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक तेज कुमार (सहित 02 कार्मिक) और बीओपी टनकपुर के उपनिरीक्षक शाकांबर दत्त (सहित 08 कार्मिकों) ने कमान संभाली। टीम ने चेक पोस्ट से आने-जाने वाले सभी नागरिकों के पहचान पत्रों और सामान की गहनता से जांच की। वाहनों की नियमानुसार तलाशी ली गई और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई।

स्थानीय नागरिकों से किया संवाद
सुरक्षा बलों ने न केवल गश्त की, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद भी स्थापित किया। जवानों ने उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की। राहत की बात यह रही कि इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान सीमा क्षेत्र में कोई भी अवैध गतिविधि प्रकाश में नहीं आई।