​पीलीभीत। अखिल भारत हिन्दू महासभा ने शुक्रवार को ग्राम पकड़िया नौगवां एतमाली स्थित वसुंधरा कॉलोनी में सरकारी भूमि के कथित अवैध विक्रय और अतिक्रमण के गंभीर मामले को लेकर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कॉलोनी के विकास के दौरान तालाब, ग्राम समाज, नई परती और अन्य सार्वजनिक उपयोग की सरकारी भूमियों को कॉलोनी के लेआउट में शामिल कर प्लॉटों के रूप में बेच दिया गया है। संगठन ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
​ज्ञापन के अनुसार, व सुंध रा कॉलोनी का स्वीकृत लेआउट कुल 9,217 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का है, जबकि उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर अब तक लगभग 14,171 वर्ग मीटर भूमि बेची जा चुकी है। इस प्रकार लगभग 4,954 वर्ग मीटर अतिरिक्त भूमि की बिक्री होना गंभीर संदेह पैदा करता है। संगठन का दावा है कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज तालाब और ग्राम समाज की भूमि पर अब स्थायी निर्माण व आवासीय भवन बन चुके हैं। पूर्व में शिकायतें करने के बावजूद कोई प्रभावी कदम न उठाए जाने को प्रदेश सरकार की भू-माफियाओं के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के विपरीत बताते हुए संगठन ने संबंधित विभागों की भूमिका की जांच की मांग भी उठाई है।
​हिन्दू महासभा ने मांग की है कि प्रकरण की जांच के लिए जिला स्तर से ऊपर की स्वतंत्र उच्च स्तरीय समिति गठित की जाए, विवादित गाटा संख्याओं की पैमाइश कराई जाए और अवैध रूप से बेची गई भूमि को कब्जामुक्त कराकर दोबारा सरकारी अभिलेखों में दर्ज किया जाए। इसके अतिरिक्त, दोषी कॉलोनाइजरों, अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। प्रशासन को चेतावनी देते हुए संगठन ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर जांच शुरू नहीं हुई, तो वे जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे और आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री से लखनऊ में मिलकर जनपद के भ्रष्टाचार व अतिक्रमण से अवगत कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi