दियोरिया कलां PILIBHIT। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना दियोरिया कलां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मारपीट एवं गैर इरादतन हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी को मकरंदापुर चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पकड़िया बिंदुआ निवासी दिनेश कुमार पुत्र जोरावर ने 19 जुलाई 2026 को थाना दियोरिया कलां में एक लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि 17 जुलाई 2026 को गांव के ही गौरव कुमार पुत्र लालता प्रसाद ने उनके चचेरे भाई राजेश कुमार उर्फ राजेशदास पुत्र जोरावर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। गंभीर चोटें आने के कारण उपचार के दौरान 19 जुलाई को राजेश कुमार की मृत्यु हो गई।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा (मु०अ०सं० 133/2026, धारा 105 बीएनएस) पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। 21 जुलाई 2026 को उप-निरीक्षक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल अर्जुन कुमार और आरक्षी गौरव राणा की टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त गौरव को मकरंदापुर चौराहे से धर दबोचा। पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।