​पीलीभीत। थाना जहानाबाद पुलिस ने करीब एक माह पूर्व शराब की दुकानें हटाने को लेकर हुई तोड़फोड़ और हिंसा के मामले में 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी मिलते ही ललौरीखेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया है। मामले की जानकारी मंगलवार दोपहर थाना प्रभारी जहानाबाद जयशंकर सिंह ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान दी।
​घटनाक्रम के अनुसार, बीते 20 जून को ललौरीखेड़ा क्षेत्र में शराब भट्टी हटाने की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन किया था। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक रूप ले बैठा और उत्तेजित भीड़ ने देसी व अंग्रेजी शराब की दुकानों में घुसकर भारी तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान वहां मौजूद महिलाओं ने भी दुकान के भीतर रखी शराब की पेटियों और बोतलों को बाहर फेंककर नष्ट कर दिया था, जिससे दोनों ठेका संचालकों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ था। सूचना पर पहुँची पुलिस ने तत्समय ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति पर काबू पाया था।
​हालांकि, घटना के दो दिन बाद 22 जून को प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता में कोई सहमति नहीं बन सकी थी। इसके बाद प्रशासन ने उसी मार्ग पर अन्य स्थान का चयन कर शराब की बिक्री पुनः शुरू करा दी थी। अब घटना के एक माह बाद, दोनों शराब दुकानों के सेल्समैन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जहानाबाद थाना पुलिस ने 50 से 60 अज्ञात उपद्रवियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है, जबकि मुकदमे की कार्रवाई से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi