पीलीभीत। पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर शनिवार दोपहर बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई है।
जानकारी के अनुसार, सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव गायबोझ निवासी प्यारेलाल (40 वर्ष) शनिवार को पूरनपुर से पीलीभीत की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि बस चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।