पीलीभीत। पीलीभीत संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरखेड़ा पतरासा में सोमवार को जनपद की जनता को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देने के लिए उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भव्य आगमन हुआ। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व, भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जनसभा स्थल की सभी व्यवस्थाओं और तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। जितिन प्रसाद के कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पंडाल से लेकर मंच तक की सभी सुरक्षा और बैठक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
जनसभा शुरू होने से पहले केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने स्वयं पूरे पंडाल का भ्रमण कर वहां मौजूद जनता जनार्दन के बीच पहुंचे। उन्होंने जनसभा स्थल पर आए बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और विशेषकर बंगाली समाज के लोगों से आत्मीय वार्ता की। इस दौरान उन्होंने आम जनता की विभिन्न समस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों को बेहद गंभीरता से सुना और उनके त्वरित व स्थायी समाधान के लिए जनता को पूर्ण रूप से आश्वस्त किया।
इसी क्रम में, क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर किसान नेता देव स्वरूप पटेल के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद से मुलाकात की। किसानों ने मंत्री महोदय को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की प्रमुख चीनी मिलों— बजाज चीनी मिल (बरखेड़ा), बजाज चीनी मिल (मकसूदापुर) तथा ओसवाल चीनी मिल (नवाबगंज) द्वारा किए जाने वाले गन्ना मूल्य के बकाया भुगतान को अविलंब कराने की पुरजोर मांग की।
किसानों की बात को बेहद संवेदनशीलता से लेते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने किसान प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि वह इस समस्या को मुख्यमंत्री के समक्ष पूरी मजबूती से रखेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि बजाज चीनी मिल सहित अन्य मिलों से गन्ने का बकाया भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित कराने के लिए शासन स्तर पर त्वरित प्रयास किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की आर्थिक समस्या का सामना न करना पड़े।