रुद्रपुर। रुद्रपुर से किच्छा लौट रहे एक टूर एंड ट्रेवल कारोबारी की कार का अगला टायर अचानक फटने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। भीषण हादसे में कारोबारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, किच्छा के आजाद नगर निवासी 35 वर्षीय मोहित शर्मा रविवार देर रात करीब 11:30 बजे रुद्रपुर से अपने घर लौट रहे थे। राधास्वामी सत्संग भवन के सामने कार का अगला टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस से घायल मोहित शर्मा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कार का टायर फटना प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi