बुलंदशहर। जिले के शिकारपुर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब पारोली गांव के पूर्व प्रधान सुनील कुमार राघव का शव काली नदी में बरामद हुआ। वह पिछले चार दिनों से लापता थे।
सूचना मिलते ही दो थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार राघव चार दिन पहले अपने घर से निकले थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका था। रविवार को शिकारपुर क्षेत्र से गुजरने वाली काली नदी में उनका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।:::