सितारगंज। क्षेत्र के होनहार छात्र विवेक प्रभाकर ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर प्रतिष्ठित आईआईटी रुड़की Indian Institute of Technology Roorkee में चयनित होकर परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य निरंजन सिंह चौहान ने बताया कि विवेक ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से सत्र 2025-26 की इंटरमीडिएट परीक्षा में 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उन्होंने बिना किसी अतिरिक्त ट्यूशन या कोचिंग के प्रथम प्रयास में ही आईआईटी रुड़की की प्रथम वरीयता सूची में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि विवेक की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और गुरुजनों का सतत मार्गदर्शन रहा है। उन्होंने बताया कि विवेक शुरू से ही एकाग्रचित्त, शांत एवं शालीन स्वभाव के छात्र रहे हैं, जिसके कारण वह यह मुकाम हासिल करने में सफल हुए।

उन्होंने विवेक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य अमित खरे, डॉ. लोकेश चंद्र गंगवार, दिनेश चंद्र मिश्रा, कुलदीप चौहान, हेमराज राणा और नैन सिंह राणा सहित अन्य शिक्षकों ने विवेक को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi